मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद लाबुशेन और स्मिथ ने 82 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन जडेजा ने लंच के बाद अपना कहर बरपाया। उन्होंने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ढकेल दिया। अश्विन ने भी तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया की टीम 177 रन पर सिमट गई। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।
भारत ने पहली पारी में शानदार शुरुआत की और रोहित-राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़ दिए। इसके बाद लोकेश राहुल 20 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन रोहित एक छोर पर जमे रहे। पुजारा, कोहली और सूर्यकुमार सस्ते में आउट हुए पर रोहित ने भारत को मैच में ऑस्ट्रेलिया से आगे रखा। वह 120 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 70 और अक्षर पटेल ने 84 रन की पारी खेली। अंत में शमी ने 37 रन बनाकर भारत को अहम बढ़त दिलाई।
पहली पारी में भारत को 223 रन की बढ़त मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो गई थी और कंगारू टीम ने लड़ने का जज्बा भी नहीं दिखाया। मैच के तीसरे दिन दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी हुई और एक सेशन में ही पूरी टीम 32.3 ओवर में 91 रन पर सिमट गई। स्टीव स्मिथ एक छोर पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। 17 रन बनाने वाले लाबुशेन टीम के दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर थे। भारत के लिए अश्विन ने पांच, जडेजा और शमी ने दो-दो विकेट लिए।
02:12 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा
मोहम्मद शमी ने नाथन लियोन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया है। लियोन ने 20 गेंद में दो चौको की मदद से आठ रन बनाए। शमी ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब टीम इंडिया यह मैच जीतने से सिर्फ एक विकेट दूर है।
01:56 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा
75 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है और टीम इंडिया जीत के बेहद करीब आ गई है। अक्षर पटेल ने टॉड मर्फी को कप्तान रोहित के हाथों कैच कराया। मर्फी ने 15 गेंद में दो रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ नाथन लियोन क्रीज पर हैं और टीम इंडिया जीत से सिर्फ दो विकेट दूर है।
01:46 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा
रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को सातवां झटका दिया है। उन्होंने कंगारू कप्तान पैट कमिंस को विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। कमिंस ने 13 गेंद में एक रन बनाया। अब स्टीव स्मिथ के साथ टॉड मर्फी क्रीज पर हैं। अब ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो चुकी है, लेकिन स्टीव स्मिथ और मर्फी कोशिश करेंगे कि पारी की हार को टाला जाए। 24 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 68 रन है। पारी की हार टालने के लिए अभी भी ऑस्ट्रेलिया को 155 रन की जरूरत है।
01:33 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा
64 रन पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन ने एलेक्स कैरी को आउट करके कंगारू टीम को छठा झटका दिया है। इस पारी में यह उनका पांचवां विकेट है। अश्विन ने एलेक्स कैरी को विकेटों के सामने फंसाया। कैरी ने छह गेंद में दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ पैट कमिंस क्रीज पर हैं। भारतीय टीम आज ही ऑस्ट्रेलिया को समेटकर मैच अपने नाम कर सकती है।
01:24 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम आउट
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम एक सत्र के अंदर पवेलियन लौट गई है। रविचंद्रन अश्विन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को विकेटों के सामने फंसाया और ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। इस पारी में यह उनकी चौथी सफलता है। इसके साथ ही उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में नाथन लियोन और हरभजन सिंह को पीछे छोड़ दिया है। हरभजन और लियोन के नाम 95 विकेट हैं, जबकि अश्विन के नाम 96 विकेट हो गए हैं। 19 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 64 रन पर पांच विकेट है। स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।
01:22 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार
चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों स्पिन के अच्छे खिलाड़ी हैं। ऐसे में यह जोड़ी कोशिश करेगी कि बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को पारी की हार से बचाया जाए।
01:11 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा
42 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा है। मैट रेनशॉ सात गेंद में दो रन बनाकर अश्विन की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हो गए। इस पारी में यह अश्विन की तीसरी सफलता है। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच हारने की कगार पर पहुंच रही है। अब ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की हार टालना भी मुश्किल होगा। भारत के पास अभी भी 181 रन की बढ़त है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट बचे हैं।
01:03 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा
34 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रविचंद्र अश्विन ने डेविड वॉर्नर को विकेटों के सामने फंसाया है। वॉर्नर ने आउट होने से पहले दो बेहतरीन चौके लगाए, लेकिन अश्विन इससे परेशान नहीं हुए और अपने प्लान पर टिके रहे। इसका इनाम उन्हें विकेट के रूप में मिला। वॉर्नर ने 41 गेंद में 10 रन बनाए। अब स्टीव स्मिथ के साथ मैट रेनशॉ क्रीज पर हैं।
12:53 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा
26 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा है। मार्नस लाबुशेन 28 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। लाबुशेन ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। अब डेविड वॉर्नर के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 26 रन है।
12:37 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: विराट ने वॉर्नर का कैच छोड़ा
विराट कोहली ने डेविड वॉर्नर को एक रन के स्कोर पर जीवनदान दिया है। स्लिप खड़े कोहली के पास अश्विन की गेंद पर आसान कैच आया था, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई। वॉर्नर इस मौके का फायदा उठाकर बड़ी पारी खेल सकते हैं। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 20 रन हो चुका है।
12:23 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा
दूसरी पारी में सात रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा है। उस्मान ख्वाजा इस पारी में भी फेल रहे हैं। पहली पारी में उन्होंने एक रन बनाए थे और इस पारी में पांच रन बनाकर आउट हुए हैं। रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ख्वाजा ने नौ गेंद में एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। अब डेविड वॉर्नर के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।
12:21 PM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से निकालना चाहेंगे। इस मैच में वापसी करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को कम से कम दो दिन बल्लेबाजी करनी होगी और बड़ा स्कोर बनाना होगा। पहले कंगारू टीम भारत की 223 रन की बढ़त खत्म करना चाहेगी। इसके बाद टीम इंडिया के सामने लक्ष्य रखने की कोशिश करेगी। हालांकि, यह आसान नहीं होगा।
11:30 AM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत की पहली पारी 400 रन पर खत्म
भारत ने पहली पारी में 400 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अक्षर पटेल को क्लीन बोल्ड कर भारत की पारी खत्म की। अक्षर पटेल ने 174 गेंद में 84 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल था। अक्षर शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी बेहतरीन पारी के चलते भारत ने 223 रन की बढ़त ले ली है। नागपुर की पिच में स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही है और यह बढ़त निर्णायक साबित हो सकती है। भारत की पारी खत्म होने के साथ ही अंपायरों ने लंच का एलान कर दिया है। अब दिन के बाकी दो सत्र में भारतीय गेंदबाज कंगारू टीम को समेटने की कोशिश करेंगे।
मैच में अब तक क्या हुआ?ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन कंगारू बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। मार्नस लाबुशेन (49 रन) और स्टीव स्मिथ (37 रन) ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन ये दोनों भी कुछ खास नहीं कर पाए। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 177 रन पर सिमट गई। जडेजा ने पांच और अश्विन ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने शानदार शुरुआत की। पहले कप्तान रोहित ने शतक लगाया। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 70 और अक्षर पटेल ने 84 रन की पारी खेली। मोहम्मद शमी ने भी 37 रन बनाए और भारत का स्कोर 400 रन तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉड मर्फी ने सात और पैट कमिंस ने दो विकेट लिए।
भारत के पास पहली पारी के आधार पर 223 रन की बढ़त है, जो निर्णायक साबित हो सकती है।
11:27 AM, 11-FEB-2023
IND vs AUS 1st Test Live Score Day 3: भारत का स्कोर 400 रन के पार
भारत का स्कोर नौ विकेट पर 400 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल ने सिराज के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की है और भारत को बेहतर स्थिति में ले गए हैं। वह अपने शतक के करीब भी पहुंच रहे हैं। भारत की बढ़त 220 रन से ज्यादा हो गई है।